भुज स्थित कच्छी लेवा पटेल कन्या विद्यामंदिर-कन्या रतनधाम में वार्षिक शरदोत्सव का आयोजन किया गया. कच्छी लेवा पटेल एजुकेशन एंड मेडिकल ट्रस्ट द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी कला, प्रतिभा व रचनात्मकता का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा ट्रस्टियों और अतिथियों के स्वागत तथा वरिष्ठजनों के हाथों दीप प्रज्वलन के साथ हुई. सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से छात्राओं ने गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से 11 प्रस्तुतियां दीं.
प्रस्तुतियों में योग का महत्व बताने वाली ‘योग’, मोबाइल के दुरुपयोग और साइबर अपराध से बचाव पर आधारित ‘साइबर क्राइम’ तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सही इस्तेमाल और दुरुपयोग के प्रभावों को समझाने वाली ‘AI’ शामिल रहीं. ‘पंचतत्व’ के जरिए वायु, जल, अग्नि, पृथ्वी और आकाश के संतुलन तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.
‘योद्धा’ और ‘रक्तबीज’ प्रस्तुतियों में नारीशक्ति, साहस और वीरता को दर्शाया गया. लाइव संगीतवृंद के साथ छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में कलात्मक प्रभाव जोड़ा.
इस अवसर पर समाज और ट्रस्ट से जुड़े कई पदाधिकारी, ट्रस्टी, अभिभावक, विद्यालय की आचार्या, गृह माता और शिक्षक उपस्थित रहे. आयोजकों ने बताया कि विद्यालय परिवार के सहयोग से शरदोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
