गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गोधरा तालुका के नदिसर गांव का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया. उनके दौरे के दौरान जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और धार्मिक आस्था से जुड़े कई कार्यक्रम हुए. मुख्यमंत्री के आगमन पर गांव में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें देखने के लिए जुटे.

सेवा सेतु कार्यक्रम में योजनाओं की जानकारी

दौरे की शुरुआत ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम से हुई. मुख्यमंत्री ने अलग-अलग स्टॉल का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा मौके पर होने वाले निस्तारण की जानकारी ली. उन्होंने लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर सरकारी सेवाओं को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी.

इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भूपेंद्र पटेल ने पौधारोपण किया. उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की.

पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने नदिसर स्थित पीएम श्री स्कूल का भी दौरा किया. उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे, कक्षाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की तथा बच्चों के कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया.

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के नवनिर्मित प्रवेशद्वार का उद्घाटन भी किया. ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया.

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उन्होंने नदिसर के श्री नंदकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए. वहां उन्होंने भगवान गणेश की आरती और पूजा की तथा गुजरात की सुख-शांति, समृद्धि और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की.