गुजरात हाईकोर्ट ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को जेल में बंद आम आदमी पार्टी के डेडियापाडा विधायक चैतार वसावा को एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की. अदालत ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती अपने सौतेले भाई शांतिलाल वसावा से मिलने की अनुमति दी है.
आदेश के अनुसार, वसावा को वास्तविक रिहाई के दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बाहर रहने की अनुमति होगी. उन्हें 10,000 रुपये का निजी मुचलका भरना होगा और पुलिस सुरक्षा में अस्पताल ले जाया जाएगा. अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के तुरंत बाद उन्हें जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करना होगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शांतिलाल वसावा ने 12 अक्टूबर को तापी जिले के सोंगढ स्थित घर पर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था. उनका सूरत के न्यू सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बताई गई है.
वसावा ने पहले मास्टर ऑफ सोशल वर्क की परीक्षा देने के लिए 30 दिन की अस्थायी जमानत मांगी थी, लेकिन सुनवाई के दौरान उनके वकील ने परीक्षा संबंधी मांग पर जोर नहीं दिया और भाई की गंभीर हालत को आधार बनाया. वसावा जून 2026 से सात साल की सजा काट रहे हैं.
