‘गुज्जु लव गुरु’ के नाम से लोकप्रिय सोशल मीडिया कॉमेडियन चंदन राठौड़ की 17 सितंबर को गुजरात के भाभर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी. हादसे से कुछ मिनट पहले वह एक पेट्रोल पंप पर अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भराने के लिए रुके थे. पेट्रोल पंप कर्मचारियों के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं होने पर उन्होंने मदद ली और इसके बाद वहां से रवाना हुए.
पेट्रोल पंप कर्मचारी विष्णु ठाकोर ने बताया कि चंदन राठौड़ ने पेट्रोल भराने के बाद बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन बाइक चालू नहीं हुई. इसके बाद वह मोटरसाइकिल को कुछ दूर ले गए. ठाकोर ने किक मारकर बाइक स्टार्ट कर दी. उनके अनुसार, बाद में उन्हें पता चला कि बाइक लेकर आए व्यक्ति सोशल मीडिया पर ‘गुज्जु लव गुरु’ के नाम से मशहूर चंदन राठौड़ थे. ठाकोर का कहना है कि चंदन ने धन्यवाद दिया और साथ में वीडियो बनाने की बात भी कही, लेकिन देर हो रही थी, इसलिए वह वहां से निकल गए.
एक अन्य कर्मचारी नरेश गोस्वामी के मुताबिक, चंदन ने ₹200 का पेट्रोल भराया था और PhonePe से भुगतान किया था. गोस्वामी ने बताया कि उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि ग्राहक सोशल मीडिया पर चर्चित व्यक्ति हैं. बाद में सोशल मीडिया पर चर्चा और CCTV फुटेज देखने के बाद उन्हें इस बारे में पता चला.
हादसे के बाद घटनास्थल पर मिले अवशेष
रिपोर्ट के अनुसार, शूटिंग पूरी कर लौटते समय 17 सितंबर को भाभर के पास हरिधाम गौशाला के नजदीक चंदन राठौड़ की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई. हादसे में उनकी गंभीर चोटों के बाद मौत हो गई. घटनास्थल पर बाइक के आगे के हिस्से के टूटे अवशेष, चप्पल और गमछा मिलने की बात सामने आई है. निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला एक पालख भी सड़क किनारे पड़ा मिला था.
चंदन राठौड़ गुजरात के वाव-थराद और बनासकांठा क्षेत्र की स्थानीय बोलियों और शैली में कॉमेडी वीडियो बनाते थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, Instagram पर उनके करीब 18 लाख फॉलोअर्स और YouTube पर 10 लाख सब्सक्राइबर थे. उनके निधन के बाद सुईगाम में अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और अंतिम संस्कार किया गया.
