गुजरात के दाहोद जिले में 16 वर्षीय किशोरी और 22 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है. घटना रविवार सुबह सिंगवद तालुका के हीरापुर गांव के जंगल क्षेत्र की बताई गई है. पुलिस के अनुसार, दोनों लिमखेड़ा तालुका के रहने वाले थे और उनके बीच प्रेम संबंध था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवक ने जंगल क्षेत्र से Instagram Live शुरू किया था. उस समय करीब 50 लोग लाइव स्ट्रीम देख रहे थे. दोनों की मौत के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा.
रणधीकपुर पुलिस के अधिकारी शैलेश बारिया के मुताबिक, युवक कुछ दिन पहले किशोरी को अपने माता-पिता से मिलाने ले गया था और शादी की अनुमति मांगी थी. आरोप है कि परिवार ने दोनों का गोत्र और सरनेम एक होने की वजह से रिश्ते को मंजूरी नहीं दी थी. परिवार की असहमति के बाद दोनों के परेशान होने की बात सामने आई है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाया. रणधीकपुर पुलिस ने मामले में एडी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत, परिवार की प्रतिक्रिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की भी जांच कर रही है.
आत्महत्या से जुड़ी खबरों में मीडिया संस्थानों को घटना के तरीके या दृश्य का विवरण साझा करने से बचना चाहिए. यदि आप या आपका कोई परिचित संकट में है, तो तुरंत परिवार, किसी भरोसेमंद व्यक्ति या स्थानीय आपातकालीन सेवा से संपर्क करें.
