गुजरात के दाहोद जिले में सरकारी फायर ब्रिगेड के कथित निजी इस्तेमाल का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो धानपुर तहसील के पीपेरो गांव का बताया जा रहा है. इसमें देवगढ़ बारिया नगरपालिका की फायर ब्रिगेड से एक निजी आवास पर पानी की बौछार कर सफाई करते हुए दिखाई दे रहा है. यह आवास स्थानीय विधायक और पूर्व राज्यमंत्री बच्चूभाई खाबड़ का बताया जा रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आग और अन्य आपात स्थितियों के लिए उपलब्ध फायर टेंडर को निजी आवास की सफाई के लिए किन परिस्थितियों में भेजा गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नगरपालिका प्रशासन ने मामले को लेकर कार्रवाई शुरू की है.
₹2700 की रसीद पर भी सवाल
नगरपालिका से मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक के बेटे बलवंत खाबड़ के नाम पर 2700 रुपये की रसीद काटकर फीस वसूली गई है. हालांकि, केवल फीस जमा होने से यह स्पष्ट नहीं होता कि फायर ब्रिगेड का निजी काम में इस्तेमाल नगरपालिका के नियमों और तय प्रक्रिया के अनुरूप था या नहीं.
नगरपालिका के चीफ ऑफिसर के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन यह जांच कर रहा है कि निजी आवास की सफाई के लिए सरकारी फायर वाहन के इस्तेमाल की अनुमति किस आधार पर दी गई और संबंधित प्रक्रिया का पालन हुआ या नहीं. अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी.
