गुजरात के दाहोद जिले में देवगढ़ बारिया नगरपालिका के फायर टेंडर को विधायक बच्चूभाई खाबड़ के निजी आवास पर भेजे जाने से विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फायरकर्मी एक मकान की बाहरी दीवारों और परिसर पर पानी का छिड़काव करते दिखाई दे रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह आवास धानपुर तहसील के पीपेरो गांव में स्थित है और फायर स्टेशन से करीब 25 किलोमीटर दूर है. नगरपालिका के पास केवल एक फायर टेंडर होने की बात भी सामने आई है.

देवगढ़ बारिया नगरपालिका के अधिकारियों के मुताबिक, वाहन को शुरू में एक कॉल के आधार पर भेजा गया था. मौके पर पहुंचने के बाद फायरकर्मियों को मकान धोने के लिए कहा गया. सूचना मिलने पर फायर अधिकारी ने कार्रवाई रुकवा दी और वाहन वापस बुला लिया.

अधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा के लिए विधायक से ₹2,700 शुल्क वसूला गया है. मामले में यह जांच की जा रही है कि आपातकालीन वाहन को गैर-आपात काम के लिए भेजने का निर्देश कैसे दिया गया. घटना ने सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग और आपात सेवा की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े किए हैं.