गुजरात के खेड़ा जिले के डाकोर में नवरात्रि समारोह के दौरान दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए. घटना नवी नगरी इलाके में सत्यम सोसायटी के पास रात करीब 11 बजे हुई.

पुलिस के अनुसार, पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में पथराव और धारदार हथियारों से हमले में बदल गई. गंभीर रूप से घायल युवक सुल्तान शेख ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

घायलों में एक महिला भी शामिल बताई गई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बंदोबस्त किया है और मामले की जांच जारी है.

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव होने की बात की जांच की जा रही है. पुलिस ने इस संबंध में दोनों ओर से शिकायतें दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है.