संघ प्रदेश दमन में स्थानीय प्रशासन और RTO विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. ‘रफ्तार नहीं, संस्कार’ संदेश के साथ थार और फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में इन समेत अन्य SUV के मालिक और चालक शामिल हुए.
अभियान का उद्देश्य खास तौर पर युवाओं और SUV चालकों को जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना है. प्रशासन के मुताबिक, शक्तिशाली SUV को तेज गति या लापरवाही से चलाने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है.
चालकों ने ली सुरक्षा की शपथ
संकल्प यात्रा के दौरान वाहन चालकों और मालिकों ने वाहन की गति नियंत्रित रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क पर दूसरे वाहन चालकों व पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की शपथ ली. प्रशासन ने संदेश दिया कि सड़क पर दिखावे या दबदबे के बजाय जिम्मेदार ड्राइविंग जरूरी है.
दमन के डिप्टी कलेक्टर प्रियांशु सिंह ने वाहन चालकों से अंधाधुंध गति के बजाय सुरक्षा और संस्कार को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवाओं में ड्राइविंग के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है.
प्रशासन और RTO ने दमन के सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करने और सड़क पर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.
