रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह गुजरात के एकता नगर में आयोजित किया जाएगा. समारोह में राष्ट्रपति विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे. यह घोषणा उन्होंने अहमदाबाद दौरे के दौरान की.
फिल्म और पर्यटन को जोड़ने की पहल
वैष्णव के अनुसार, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोहों को केवल सम्मेलन कक्षों तक सीमित रखने के बजाय देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आयोजित करने की पहल की जा रही है. इसके तहत राज्यों से अपने महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों के प्रस्ताव देने और वहां जरूरी बुनियादी ढांचे तथा विकास योजनाओं की तैयारी करने को कहा गया है.
उन्होंने कहा कि सिनेमा और पर्यटन को साथ जोड़ने से स्थानीय पर्यटन उद्योग और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सकता है. एकता नगर, जिसे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए जाना जाता है, में आगामी समारोह आयोजित करने की योजना इसी पहल का हिस्सा है.
बुलेट ट्रेन परियोजना पर भी अपडेट
रेल मंत्री ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना के तहत सूरत-वापी के बीच पहला सेक्शन दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है. इसके बाद भारत में निर्मित बुलेट ट्रेन को इस सेक्शन पर उतारकर अलग-अलग चरणों में ट्रायल और परीक्षण किए जाएंगे.
परियोजना में ट्रेन की कार बॉडी, बोगी, प्रोपल्शन सिस्टम, वाहन इलेक्ट्रॉनिक्स, पहियों, पेंटोग्राफ और ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम के एकीकरण में प्रगति होने की जानकारी दी गई है.
BKC-ठाणे के बीच समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग के लिए शाफ्ट का निर्माण पूरा हो चुका है. दो टनल बोरिंग मशीनों की स्थापना से जुड़ा शुरुआती तकनीकी काम भी पूरा बताया गया है. अब इन मशीनों से सुरंग की खुदाई आगे बढ़ाई जाएगी.
