केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 और भारत पर्व 2026 की तैयारियों की जानकारी दी. गुजरात के एकतानगर में मुख्य समारोह 31 अक्टूबर को होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद शाम को एकता परेड आयोजित की जाएगी.
इस वर्ष की परेड में पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कार्यों को प्रमुखता दी जाएगी. परेड का एक प्रमुख संदेश देश से सशस्त्र नक्सलवाद के अंत की उपलब्धि को सामने लाना होगा. इसमें उन राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की टुकड़ियां शामिल होंगी, जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में भूमिका निभाई है.
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय करीब 2,000 कलाकारों के साथ ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर नाट्य प्रस्तुति देगा. ये कलाकार देश के 126 ऐसे जिलों से होंगे, जहां कभी सशस्त्र नक्सलवाद का प्रभाव रहा है. इन जिलों से करीब 5,000 लोगों को दर्शक के रूप में आमंत्रित किया गया है.
समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और झांकियों की थीम ‘वंदे मातरम्’ होगी. प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुत होने वाला नाटक बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास ‘आनंदमठ’ पर आधारित होगा. भारत पर्व एक से 15 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान और हस्तशिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे.
