सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकतानगर में 30 और 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता परेड होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी बताई गई है.
परेड का मार्ग नर्मदा माता की प्रतिमा से शुरू होकर रेप्लिका गार्डन और एसआरपी कॉलोनी के पास तक रहेगा. आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अब तक 30 से अधिक बैठकें होने की जानकारी दी गई है.
परेड देखने के इच्छुक नागरिकों के लिए मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया गया है. इसके लिए ‘राष्ट्रिय एकता दिवस’ की वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है. पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा.
आयोजन में करीब 10,000 जवानों और 4,700 कलाकारों के शामिल होने की बात कही गई है. विभिन्न बैंड प्रस्तुतियों के अलावा भारतीय वायुसेना का फ्लाईपास्ट भी प्रमुख आकर्षण रहेगा.
पर्यटकों के लिए डोम सिटी
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और 1 से 15 नवंबर 2026 तक होने वाले ‘भारत पर्व-2026’ में आने वाले पर्यटकों के लिए गुजरात पर्यटन निगम एकतानगर में विशेष ‘डोम सिटी’ तैयार करेगा. यह आवास सुविधा 29 अक्टूबर से 15 नवंबर तक उपलब्ध रहने की जानकारी है.
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित अरोड़ा ने नागरिकों से समारोह में भाग लेने की अपील की है.
