गुजरात के कच्छ जिले में कांडला के टूना टेकड़ा पर बहुउद्देश्यीय कार्गो टर्मिनल विकसित करने का ठेका एस्सार पोर्ट्स को मिला है. कंपनी को Deendayal Port Authority (DPA) ने Letter of Award जारी किया है. एस्सार पोर्ट्स वैश्विक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में सबसे ऊंची बोली लगाने वाली कंपनी रही.
परियोजना की अनुमानित लागत ₹2,276.06 करोड़ है. इसमें एस्सार पोर्ट्स ₹1,552.57 करोड़ से अधिक का निवेश करेगी, जबकि DPA की हिस्सेदारी ₹723.49 करोड़ होगी. प्रस्तावित टर्मिनल की वार्षिक कार्गो हैंडलिंग क्षमता 18.33 मिलियन टन होगी.
30 वर्ष की BOT रियायत
टर्मिनल को Public-Private Partnership (PPP) मॉडल के तहत Build, Operate and Transfer (BOT) व्यवस्था में विकसित किया जाएगा. रियायत अवधि 30 वर्ष की होगी. परियोजना का उद्देश्य टूना टेकड़ा क्षेत्र में कार्गो हैंडलिंग क्षमता बढ़ाना और कांडला बंदरगाह के जरिए व्यापारिक गतिविधियों को मजबूत करना है.
कंपनी के अनुसार, यह परियोजना भारत के पश्चिमी तट पर बंदरगाह अवसंरचना विस्तार की उसकी रणनीति का हिस्सा है.
