गुजरात के महेसाणा और गांधीनगर से अमेरिका जाने के लिए निकले तीन लोगों के इथियोपिया में बंधक बनाए जाने का दावा सामने आया है. परिवार का कहना है कि उनकी रिहाई के लिए करीब 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है. मामले में महेसाणा लोकल क्राइम ब्रांच और लांघणज पुलिस ने स्थानीय एजेंट अल्पेश पंचाल को थाने लाकर पूछताछ की है.
परिवार की शिकायत के अनुसार, महेसाणा तहसील के वडसमा निवासी ऋत्विक जनसारी (23), गोजारिया निवासी ममता चावड़ा (30) और गांधीनगर निवासी मयूरी सोलंकी (27) अमेरिका जाने के लिए 20 सितंबर को रवाना हुए थे. उन्हें जयपुर से अबूधाबी और फिर इथियोपिया ले जाया गया. 22 सितंबर के बाद परिवार का तीनों से संपर्क नहीं हो सका.
शिकायत में कहा गया है कि स्थानीय एजेंट ने उन्हें कनाडा पहुंचने की बात कहकर परिवार से करीब 70 लाख रुपये लिए थे. बाद में अमेरिका भेजे जाने की बात कही गई. परिवार के मुताबिक, इथियोपिया से ‘खान’ नाम के व्यक्ति ने तीनों को छोड़ने के बदले 1 करोड़ रुपये मांगे. एक परिजन से वीडियो कॉल पर बात कराने के लिए 15 लाख रुपये की अलग मांग किए जाने की बात भी सामने आई है. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
परिवार के रिश्तेदार किरीटभाई चौहान ने लांघणज थाने में आवेदन दिया है. आवेदन के अनुसार, तीनों को अमेरिका भेजने के लिए प्रति व्यक्ति 75 लाख रुपये तय हुए थे. ममता चावड़ा ने कथित तौर पर अमेरिका का वीजा पाने के लिए छह बार प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद एजेंट के जरिए जाने का निर्णय लिया.
लांघणज थाना प्रभारी ए.एम. गेहलोत ने कहा कि परिवार के आवेदन के आधार पर जानकारी जुटाकर पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल तीनों की स्थिति और इथियोपिया में उनकी मौजूदगी को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
