गुजरात के गांधीनगर में रायसन क्षेत्र स्थित Blinkit स्टोर का फूड लाइसेंस निलंबित कर उसका कारोबार रोक दिया गया है. यह कार्रवाई स्टोर में स्वच्छता और खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़ी खामियां मिलने के बाद की गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राज्य में किसी क्विक-कॉमर्स कंपनी के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और स्टोर बंद कराने की यह पहली कार्रवाई बताई गई है.
गांधीनगर महानगरपालिका की फूड सेफ्टी टीम ने एक शिकायत के आधार पर स्टोर की जांच की. अधिकारियों के मुताबिक, वहां दीवारों पर मकड़ी के जाले, सफाई की कमी और खाद्य सामग्री रखने के लिए उचित व्यवस्था का अभाव मिला. ग्राहकों को डिलीवरी के लिए रखे गए सामान को गंदे और बिना सफाई वाले रैक पर रखा गया था.
टीम ने Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए स्टोर को सुधार नोटिस दिया और लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया. अधिकारियों ने कंपनी को 14 दिन का समय दिया है. इस अवधि में जरूरी सुधार करने और संबंधित दस्तावेज जमा करने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू किया जा सकेगा. सुधार नहीं होने पर लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने समेत आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
स्टेट FSSAI विभाग के डिप्टी कमिश्नर वी. डी. राणा के अनुसार, गुजरात में किसी ई-कॉमर्स कंपनी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का यह पहला मामला है. इससे पहले भरूच में सुधार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वहां लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद नहीं कराया गया था.
14 हॉस्टल-कैंटीन की भी जांच
महानगरपालिका की टीम ने NID और NIFT समेत 14 हॉस्टल-कैंटीन की जांच की. अलग-अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के 34 नमूने लिए गए हैं. इन पर प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यूथ हॉस्टल गीता रेसिडेंस में अस्वच्छता मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया.
अधिकारियों ने संचालकों को रसोई कर्मचारियों के लिए कैप, एप्रन और ग्लव्स अनिवार्य करने, तैयार भोजन में कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल न करने, अखबार में खाना न परोसने और नाशवान खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर रखने के निर्देश दिए हैं.
