गुजरात के गांधीनगर जिले के छत्राल GIDC औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार, 15 अक्टूबर को एक केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में चार मजदूरों की मौत हो गई. हादसा फेज-4 स्थित Kovika Dyes and Intermediates में हुआ, जहां टेक्सटाइल डाई बनाने का काम होता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच हुई. उस समय कर्मचारी एक प्रेशर वेसल में केमिकल पंप करने और पाइप फिटिंग का काम कर रहे थे. शुरुआती जानकारी में बॉयलर या उससे जुड़े उपकरण में दबाव बढ़ने की बात सामने आई है, लेकिन विस्फोट की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, प्रशासन और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने राहत एवं जांच कार्रवाई शुरू की है. पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासमशेट्टी के अनुसार, चार लोगों की मौत हुई है. हादसे के तकनीकी कारण और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है.