गांधीनगर महानगरपालिका चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने सभी 44 प्रत्याशियों को एक अज्ञात सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है. पार्टी नेताओं के अनुसार, उम्मीदवार 29 सितंबर को नामांकन वापस लेने की अंतिम समयसीमा तक पार्टी की निगरानी में रहेंगे.
कांग्रेस का आरोप है कि सत्तारूढ़ भाजपा उसके प्रत्याशियों पर दबाव बना रही है और उनके परिवारों को फोन कर नामांकन वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है. पार्टी ने कहा कि उम्मीदवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजने का फैसला संभावित दबाव और दल-बदल की कोशिशों से बचाने के लिए लिया गया है.
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए इस कदम पर सवाल उठाया है. भाजपा का कहना है कि कांग्रेस को अपने ही उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं है, इसलिए उन्हें अलग स्थान पर रखा जा रहा है.
गांधीनगर नगर निगम की 44 सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस के सभी नामांकन वैध पाए गए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी का एक नामांकन खारिज हुआ है. नामांकन वापसी के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट होगी. मतदान 11 अक्टूबर और मतगणना 13 अक्टूबर को प्रस्तावित है.
