गुजरात के गांधीनगर जिले की एक अदालत ने गोहत्या से जुड़े मामले में तीन लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. अदालत ने प्रत्येक दोषी पर तीन लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया. मामला 277 किलोग्राम कथित गोमांस की बरामदगी से जुड़ा है.

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बीआर राजपूत ने सोमवार को यह फैसला सुनाया. दोषियों की पहचान वसीम कुरैशी, मोहम्मद रफीक कुरैशी और अशफाक बहेलिम के रूप में की गई है. अभियोजन के अनुसार, मामले में कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया था, लेकिन सुनवाई के बाद तीन को दोषी ठहराया गया.

2024 की छापेमारी में क्या मिला

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 22 अगस्त 2024 को गांधीनगर जिले के जामला गांव में एक घर पर छापेमारी की गई थी. जांच एजेंसियों ने वहां से 277 किलोग्राम मांस, पशुओं को काटने में इस्तेमाल किए जाने वाले बताए गए हथियार और मांस ले जाने के लिए रखा गया एक वाहन बरामद करने का दावा किया था.

अभियोजन ने अदालत को बताया कि एक पिता-पुत्र कमजोर या दूध न देने वाली भैंसें खरीदते थे और अहमदाबाद से चार लोगों को बुलाकर अपने घर पर पशुओं को काटते थे. जांच के अनुसार, मांस को आर्थिक लाभ के लिए बेचने की योजना थी और इसे गुलाम मोइन को बेचने का इरादा बताया गया. इन दावों पर अदालत में अभियोजन ने 54 गवाह और 18 दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए.

फैसले में धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख

अदालत ने गाय के धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए मनुस्मृति, वेदों और अन्य हिंदू धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख किया. फैसले में गाय को समृद्धि और धर्म से जुड़ा बताया गया. अदालत ने कामधेनु, 33 करोड़ देवताओं के निवास और चार वेदों के प्रतीक के रूप में गाय से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का भी संदर्भ दिया.

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने फैसले का स्वागत किया और गांधीनगर पुलिस तथा अभियोजन पक्ष को बधाई दी. उन्होंने कहा कि फैसला राज्य में गोहत्या के मामलों में कानून के कड़ाई से लागू होने का संदेश देता है.

2017 में गुजरात पशु संरक्षण अधिनियम, 1954 में संशोधन कर गोहत्या के लिए अधिकतम सजा बढ़ाकर उम्रकैद की गई थी. संशोधन में गोमांस के परिवहन, भंडारण या बिक्री के लिए 10 साल तक की सजा का प्रावधान भी बताया गया है.