गांधीनगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारियों के लिए पहुंचे 24 कर्मियों में डेंगू की पुष्टि हुई है. बुखार, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत के बाद कई अन्य कर्मियों को भी निगरानी में रखा गया है.

गांधीनगर सिविल अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को करीब 34 कर्मियों को भर्ती कराया गया था, जिनमें 23 की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई. शुक्रवार को पांच और लोगों को भर्ती किया गया, जिनमें एक की रिपोर्ट पॉजिटिव और चार को संदिग्ध मरीज के तौर पर रखा गया. अस्पताल ने बताया कि भर्ती मरीजों की हालत स्थिर है और फिलहाल किसी गंभीर जटिलता की सूचना नहीं है.

प्रभावित कर्मी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, बिहार और छत्तीसगढ़ समेत अलग-अलग राज्यों से गुजरात पहुंचे हैं. स्वास्थ्य अधिकारियों ने जिला और राज्य स्तरीय सार्वजनिक स्वास्थ्य टीमों को सूचना देकर महामारी संबंधी जांच शुरू कराई है. ठहरने की जगहों का सर्वे, मच्छर नियंत्रण और अतिरिक्त जांच की जा रही है.

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह 30 और 31 अक्टूबर को एकता नगर में प्रस्तावित है. मुख्य परेड 31 अक्टूबर को होगी, जिसमें पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 10,000 कर्मियों के शामिल होने की योजना है.