गांधीनगर महानगरपालिका ने गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिमाओं की सामग्री, ऊंचाई, विसर्जन और पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशानिर्देश जारी किए हैं. ये नियम घर, सोसाइटी और फ्लैट में स्थापना करने वालों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक आयोजन करने वाले आयोजकों पर भी लागू होंगे.
महानगरपालिका के अनुसार गणेश प्रतिमा मिट्टी और पर्यावरण के अनुकूल सामग्री से बनी होनी चाहिए. प्रतिमा की ऊंचाई 5 फीट से अधिक नहीं रखी जा सकेगी. कार्बन या प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी मूर्तियों पर प्रतिबंध रहेगा.
प्राकृतिक जलस्रोतों में विसर्जन पर रोक
प्रतिमाओं का विसर्जन शहर की नदी, झील या नहर में नहीं किया जा सकेगा. इसके लिए महानगरपालिका की ओर से निर्धारित कृत्रिम कुंड या तालाब का ही इस्तेमाल करना होगा.
सड़क या सार्वजनिक स्थान पर मंडप अथवा पंडाल लगाने के लिए सक्षम प्राधिकरण से अनुमति या एनओसी लेना अनिवार्य होगा. अस्थायी ढांचे में लोहे और रबर-कोटेड पाइप का इस्तेमाल करने को कहा गया है. पंडाल में आपातकालीन निकास और असेंबली पॉइंट के साइनबोर्ड भी लगाने होंगे.
बिजली और अग्नि सुरक्षा के निर्देश
सभी बिजली केबल और उनके जोड़ उचित तरीके से टेप करके पाइप के भीतर रखने होंगे. इलेक्ट्रिकल बोर्ड में ELCB लगाना अनिवार्य होगा और सरकारी मान्यता प्राप्त इलेक्ट्रिकल इंजीनियर से प्रमाणपत्र लेना होगा. रेलवे लाइन या हाई-टेंशन बिजली लाइन के पास पंडाल नहीं बनाया जा सकेगा. कार्यक्रम खत्म होने के बाद पूरी बिजली आपूर्ति बंद करनी होगी.
पंडाल में 6 किलोग्राम क्षमता का ABC प्रकार और 4.5 किलोग्राम क्षमता का CO2 प्रकार का अग्निशामक, फायर सैंड बकेट तथा जरूरत के अनुसार 200 लीटर पानी का ड्रम रखना होगा. प्लास्टिक का मंच बनाने और पेट्रोल, डीजल या केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण करने पर रोक रहेगी. जनरेटर के ईंधन और आरती की सामग्री को भी जरूरत भर ही रखने का निर्देश दिया गया है.
प्लास्टिक और थर्मोकॉल के इस्तेमाल पर रोक
पंडालों में सिंगल यूज प्लास्टिक, थर्मोकॉल की सजावट, प्लास्टिक बैग, पानी की प्लास्टिक बोतल और प्लास्टिक कप-गिलास का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. पानी परोसने के लिए बायोडिग्रेडेबल कप का उपयोग करना होगा. पोस्टर और सूचना सामग्री के लिए प्लास्टिक या फ्लेक्स के बजाय कपड़े, जूट या कागज का इस्तेमाल करने को कहा गया है.
महानगरपालिका ने आयोजकों के स्वयंसेवकों को पंडाल में यातायात, भीड़ नियंत्रण, व्यवस्था और अनुशासन संभालने की जिम्मेदारी दी है. दिशानिर्देशों का पालन सभी आयोजकों और नागरिकों को करना होगा.
