गुजरात के गांधीनगर में इंस्टाग्राम पर साझा की गई कुर्ती की खरीदारी की लिंक एक 20 वर्षीय बीडीएस छात्रा को महंगी पड़ गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ₹350 की कुर्ती और ₹100 डिलीवरी शुल्क के नाम पर शुरू हुई बातचीत में साइबर ठगों ने तकनीकी खामी और रिफंड का बहाना बनाकर छात्रा से कुल ₹1,77,756 ट्रांसफर करा लिए. मामले में सेक्टर-7 पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है.

छात्रा सरगासन इलाके की समृद्धि हाइट्स में रहकर गॉयन्का अस्पताल में बीडीएस की पढ़ाई कर रही है. 8 सितंबर को उसकी मां ने उसे WhatsApp पर इंस्टाग्राम रील की लिंक भेजी थी. छात्रा ने लिंक में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया. सामने वाले व्यक्ति ने कुर्ती की कीमत ₹350 और डिलीवरी शुल्क ₹100 बताया. इसके बाद उससे नाम, पता, पिनकोड और ऑर्डर से जुड़ी अन्य जानकारी ली गई.

आरोपी ने WhatsApp पर QR कोड भेजकर भुगतान करने को कहा और दो-तीन दिन में डिलीवरी का भरोसा दिलाया. छात्रा ने QR कोड स्कैन कर ₹350 भेज दिए. डिलीवरी शुल्क का भुगतान करते समय ट्रांजैक्शन फेल दिखाया गया. इसके बाद आरोपी ने सिस्टम एरर, स्क्रीनशॉट का मिलान न होने और ऑर्डर पेंडिंग होने जैसे बहाने बनाकर अलग-अलग QR कोड और UPI आईडी भेजीं.

छात्रा से बार-बार रकम लेने के बाद आरोपी ने रिफंड का आश्वासन दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, 8 से 12 सितंबर के बीच उसे ‘स्वैप मशीन’ के जरिए 48 से 72 घंटे में पूरा पैसा लौटाने की बात कही गई, लेकिन रकम वापस नहीं की गई. इसके बजाय और पैसे मांगे जाते रहे.

ठगी का एहसास होने पर छात्रा ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की. पुलिस अब उन बैंक खातों और UPI आईडी की जांच कर रही है, जिनमें रकम भेजी गई थी.