गांधीनगर के महात्मा मंदिर में दक्षिण एशिया में पहली बार वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम (WCEF)-2026 शुरू हुआ. फोरम के 10वें संस्करण का उद्घाटन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. चार दिन चलने वाला यह आयोजन 18 सितंबर तक चलेगा.
आयोजकों के मुताबिक, फोरम में 66 देशों के 2,000 से अधिक प्रतिनिधि, वैज्ञानिक और उद्यमी भाग ले रहे हैं. इसमें 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ और 55 अंतरराष्ट्रीय वक्ता भी शामिल हैं. सम्मेलन में उत्सर्जन कम करने, सर्कुलर बिजनेस मॉडल अपनाने, संसाधनों के कुशल उपयोग और टिकाऊ आर्थिक विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
कार्यक्रम के साथ ‘सर्कुलरिटी एक्सपो’ भी लगाया गया है. इसमें 125 से अधिक प्रदर्शक ग्रीन इनोवेशन, वेस्ट-टू-वेल्थ मॉडल और रीसाइक्लिंग तकनीक प्रदर्शित कर रहे हैं. आयोजन का उद्देश्य रैखिक अर्थव्यवस्था—जिसमें संसाधन लिए जाते हैं, इस्तेमाल होते हैं और फिर कचरे में बदल जाते हैं—से हटकर पुनः उपयोग और संसाधन संरक्षण पर आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देना है.
गुजरात की पहलों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं. उन्होंने गुजरात की औद्योगिक प्रगति के साथ नवीकरणीय ऊर्जा, कचरा प्रबंधन, जल प्रबंधन और संसाधन दक्षता के क्षेत्र में की गई पहलों का उल्लेख किया. उन्होंने सोमनाथ मंदिर की व्यवस्था को सर्कुलर इकोनॉमी का उदाहरण बताया. उनके अनुसार, मंदिर में चढ़ाए जाने वाले फूल, बिलीपत्र और जैविक सामग्री से खाद बनाई जाती है, जबकि प्लास्टिक कचरे से पेवर ब्लॉक तैयार किए जाते हैं. अभिषेक से निकलने वाले द्रव को शुद्ध कर ‘सोम-गंगा जल’ के रूप में उपयोग करने की बात भी कही गई.
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सर्कुलर इकोनॉमी केवल कचरे के निपटारे या रीसाइक्लिंग तक सीमित नहीं है. इसमें उत्पाद की डिजाइन, निर्माण, उपयोग, पुनः उपयोग, मरम्मत और पुनर्निर्माण को अधिक टिकाऊ बनाना शामिल है. उन्होंने प्लास्टिक, ई-वेस्ट, बैटरी, स्क्रैप मेटल और निर्माण-ध्वस्तीकरण कचरे के लिए Extended Producer Responsibility (EPR) व्यवस्था का उल्लेख किया.
भारत और गुजरात के आंकड़े
गुजरात के वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के अनुसार, 2050 तक भारत की सर्कुलर इकोनॉमी का बाजार 2 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो सकता है और करीब एक करोड़ रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि गुजरात में 1,242 रीसाइक्लिंग सुविधाएं, 19 कोर प्रोसेसिंग यूनिट, 41 ई-वेस्ट रीसाइक्लर और 12 रिफर्बिशर कार्यरत हैं. उनके मुताबिक, पिछले वर्ष राज्य में लगभग 63 प्रतिशत कचरे का रीसाइक्लिंग हुआ.
फोरम का आयोजन केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, CPCB, गुजरात सरकार, GPCB, फिनिश इनोवेशन फंड ‘सित्रा’ और फिनलैंड सरकार के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है.
