नवरात्रि से पहले Instagram और Facebook पर ‘रेंट अ गरबा पार्टनर’ और ‘गरबा पार्टनर किराये पर पाएं’ जैसी पोस्ट वायरल हो रही हैं. इन पोस्ट में ₹1,000 से ₹6,500 तक के सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम पैकेज का दावा किया गया. हालांकि, पोस्ट डालने वाले पेज संचालकों से संपर्क करने पर सामने आया कि यह कोई वास्तविक किराये की सेवा नहीं है. उनके मुताबिक, पोस्ट केवल सोशल मीडिया पर रीच, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाए गए मीम या मनोरंजक कंटेंट थे.

वायरल पोस्ट में ₹1,000 से शुरू होने वाले सिल्वर पैकेज में दो घंटे तक गरबा खेलने, मैचिंग कपड़े, बेसिक स्टेप्स सिखाने और फोटो या सेल्फी जैसी सुविधाओं का दावा था. ₹1,500 से ₹2,000 वाले गोल्ड पैकेज में चार घंटे गरबा खेलने, Instagram पर रील और फोटो पोस्ट करने तथा एक काल्पनिक ‘मुलाकात की कहानी’ बनाने का विकल्प बताया गया.

पोस्ट में किए गए पैकेज के दावे

प्लेटिनम पैकेज के लिए ₹2,000 से ₹6,500 तक की रकम लिखी गई थी. इसमें पूरी रात गरबा खेलने, व्यक्तिगत प्रशिक्षण, कैंडिड फोटो और रील बनाने, सार्वजनिक रूप से हाथ पकड़ने और कार्यक्रम के बाद देर रात खाने के लिए जाने जैसी बातें शामिल थीं. कुछ पोस्ट में ‘मिडनाइट मैगी रन’, ‘बर्थडे गरबा डेट’ और एक रात के लिए ‘फेक डेटिंग’ जैसे ऐड-ऑन भी दिखाए गए.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसी पोस्ट अहमदाबाद, सूरत और मुंबई समेत कई शहरों से जुड़ी बताई गईं. रिपोर्ट में कहा गया है कि पोस्ट करने वालों ने इसे वास्तविक सेवा से इनकार करते हुए फॉलोअर्स बढ़ाने की रणनीति बताया.

सूरत में बजरंग दल के प्रातप राजपुरोहित ने इस ट्रेंड का विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे असामाजिक तत्व हो सकते हैं और लोगों से ऐसी पोस्ट से दूर रहने की अपील की. दूसरी ओर, गांधीनगर Cyber Cell of Excellence के हवाले से बताया गया कि इस तरह की पोस्ट के जरिए धोखाधड़ी की कोई शिकायत अब तक दर्ज नहीं हुई है.