गुजरात के गीर सोमनाथ जिले में बाल मजदूरी के खिलाफ प्रशासन अब संवेदनशील कार्यस्थलों पर सघन जांच अभियान चलाएगा. कलक्टर कार्यालय, इनाज में कलक्टर जीतेंद्रसिंह वाघेला की अध्यक्षता में हुई जिला टास्कफोर्स समिति की बैठक में अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की गई और अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए.
बैठक में पिछले वर्ष बाल मजदूरी के खिलाफ की गई छापेमारी, बच्चों से काम कराने वाले नियोक्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी पर चर्चा हुई. कलक्टर ने नगर पालिका क्षेत्रों में बाल मजदूरी की स्थिति और अब तक हुई जांच के बारे में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट ली.
इन क्षेत्रों पर रहेगा विशेष ध्यान
प्रशासन के अनुसार, स्ट्रीट फूड क्षेत्रों, निर्माण स्थलों, कॉटेज इंडस्ट्री, फिशरी क्षेत्र और हस्तशिल्प से जुड़े कामकाज वाले स्थानों पर विशेष जांच की जाएगी. अधिकारियों को इन संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करने और बाल मजदूरी की शिकायतों पर तेजी से कदम उठाने को कहा गया है.
कार्रवाई के साथ शिक्षा पर भी जोर
बैठक में केवल बच्चों से काम कराने वाले मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहने पर जोर दिया गया. अधिकारियों से बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और उन्हें शिक्षा से जोड़ने की दिशा में भी काम करने को कहा गया.
बैठक में गुजरात राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य अमृताबेन अखिया, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी के निदेशक डॉ. बी.बी. डांगर, उप जिला विकास अधिकारी अजय शामला, उप जिला पुलिस अधीक्षक एम.एफ. चौधरी, श्रम अधिकारी एम.एच. परमार और मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरुण रॉय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रशासन का कहना है कि जिले में बाल मजदूरी पर रोक के लिए छापेमारी के साथ लगातार जांच और कानून का सख्त पालन सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी.
