गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में बिना नंबर प्लेट, गलत या फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस की विशेष ट्रैफिक ड्राइव जारी है. पुलिस के अनुसार, इस अभियान में अब तक 30 वाहनों को डिटेन किया गया है, जबकि नंबर प्लेट से जुड़े उल्लंघनों के 140 एनसी मामले दर्ज किए गए हैं. कार्रवाई में ₹52 हजार का जुर्माना भी वसूला गया है.
यह विशेष अभियान स्टेट ट्रैफिक ब्रांच, गांधीनगर के निर्देश पर 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है. वेरावल-पाटण संयुक्त नगरपालिका क्षेत्र में जिला ट्रैफिक शाखा की टीमों ने सार्वजनिक मार्गों पर वाहनों की जांच की.
जिला ट्रैफिक शाखा के पीएसआई वी.एन. मोरवाडिया की अगुवाई में की गई जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट, गलत या कथित तौर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने और नंबर प्लेट को नियमों के विपरीत प्रदर्शित करने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई. पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत 30 वाहनों को डिटेन किया.
पुलिस ने काले शीशे या ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, वाहनों पर नियमों के अनुरूप एचएसआरपी नंबर प्लेट होना जरूरी है. मोटर वाहन अधिनियम की धारा 39 के तहत पंजीकरण या निर्धारित पंजीकरण चिह्न के बिना सार्वजनिक सड़क पर वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन है.
जिला पुलिस ने कहा है कि अभियान 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा. आने वाले दिनों में गिर सोमनाथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नंबर प्लेट नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित नंबर प्लेट लगवाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
