गुजरात के पंचमहाल जिले में लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने शराब तस्करी के आरोप में एक टाटा कंटेनर पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, गोधरा के ओरवाड़ा पिकअप स्टैंड के पास हाईवे रोड पर हुई कार्रवाई में कंटेनर से 6,312 शराब की बोतलें और क्वार्टर बरामद किए गए. बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹22,68,121 बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, दाहोद की ओर से आ रहे कंटेनर नंबर RJ-27-GF-3948 को जांच के दौरान रोका गया था. कंटेनर में सेंट्रल AC के पार्ट्स लदे थे, लेकिन उसकी लंबाई की तुलना में अंदर खाली जगह कम दिखाई दी. विस्तृत जांच में AC पार्ट्स के नीचे पतरों से बनाया गया एक गुप्त खाना मिला. ग्राइंडर मशीन से पतरों को काटने के बाद उसमें छिपाई गई शराब बरामद की गई.

जप्त किए गए माल में ऑल सीजन और रॉयल चैलेंज व्हिस्की की बोतलें व क्वार्टर शामिल हैं. पुलिस ने शराब के अलावा तस्करी में इस्तेमाल टाटा कंटेनर, AC पार्ट्स, मोबाइल फोन और बिल-बिल्टी के दस्तावेज भी जब्त किए हैं. इन सभी की कुल कीमत ₹49,61,015 बताई गई है.

जयपुर से खेप लाने का दावा

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, शराब को राजस्थान के जयपुर में कंटेनर के गुप्त खाने में रखा गया था. इसके बाद कंटेनर हरियाणा के फरीदाबाद पहुंचा, जहां उसमें AC पार्ट्स लादे गए. पुलिस के मुताबिक, वाहन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कोटा और दाहोद होते हुए गोधरा पहुंचा था.

कार्रवाई में राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम तहसील क्षेत्र के महेंद्रसिंह गोकुलसिंह रावत को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अकील उर्फ हरीश, जयपुर में कंटेनर देने वाले ड्राइवर और जामनगर के लिए खेप मंगाने वाले अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. गोधरा तालुका पुलिस थाने में प्रोहिबिशन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.