गुजरात के पंचमहल जिले के गोधरा तालुका में रेत के कथित अवैध परिवहन की जांच कर रही राजस्व विभाग की टीम पर हमला करने और जब्त किए गए ट्रकों को छुड़ाकर ले जाने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. शिकायत गोधरा ग्रामीण मामलतदार तरुणकुमार पटेल ने तालुका पुलिस थाने में दर्ज कराई है.
शिकायत के मुताबिक, गोधरा ग्रामीण मामलतदार, गोधरा सिटी मामलतदार महेंद्रसिंह जाडेजा, राजस्व तलाटी चिराग गोस्वामी और तलाटी अंकित पटेल निजी कार से अचानक जांच के लिए निकले थे. गदुकपुर पॉलीटेक्निक के पास रेत से भरा एक ट्रक मिला, जिसके पास कथित तौर पर रॉयल्टी पास नहीं था. इसके बाद सिमलिया रोड की ओर दो और ट्रक बिना रॉयल्टी दस्तावेजों के मिलने की बात शिकायत में कही गई है.
आरोप है कि इसी दौरान दो कारों में करीब 10 लोग वहां पहुंचे. शिकायत के अनुसार, विनोद वणजारा और उसके साथियों ने ट्रक में मौजूद तलाटी चिराग गोस्वामी को नीचे धक्का दिया और दोनों ट्रकों को वहां से ले गए. अधिकारियों ने पीछा किया तो बामरोल4ी चौकड़ी के पास उनकी कार को घेर लिया गया.
शिकायत में कहा गया है कि चिराग उर्फ कन्ना वणजारा ने मामलतदार तरुण पटेल का कॉलर पकड़ा और अभद्र व्यवहार किया. किशन वणजारा पर सरकारी वाहन पर हाथ मारकर धमकी देने का आरोप है. करन वणजारा, रोनी वणजारा और अन्य लोगों पर सिटी मामलतदार महेंद्रसिंह जाडेजा तथा तलाटी चिराग गोस्वामी से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.
घटना में घायल चिराग गोस्वामी को गोधरा सिविल अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने विनोद, चिराग उर्फ कन्ना, किशन, करन और रोनी वणजारा समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और Mines and Minerals Act, 1957 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.
