सूरत साइबर क्राइम सेल ने राज्यसभा सांसद गोविंद ढोलकिया के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर कथित तौर पर डीपफेक वीडियो बनाने वाले दो आरोपियों को हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पुराने सिक्के और नोट खरीदने के बहाने लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय परवेज और 30 वर्षीय इरशाद के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध गोविंद ढोलकिया के फोटो और वीडियो का इस्तेमाल किया. उनके नाम से तैयार वीडियो में पुराने सिक्कों के बदले बड़ी रकम मिलने का दावा किया गया था. जांच में सामने आया कि इरशाद ने इन सामग्री का इस्तेमाल कर फर्जी वॉइसओवर और वीडियो तैयार किया. वीडियो में संपर्क के लिए दिया गया WhatsApp नंबर परवेज का बताया गया है.
फर्जी प्रोफाइल और दस्तावेजों से भरोसा जीतने की कोशिश
साइबर क्राइम सेल के अनुसार, आरोपियों ने Facebook, Instagram और WhatsApp पर ‘Govind Bhai’ और ‘Old Coin Company’ नाम से प्रोफाइल बनाई थीं. लोगों का भरोसा बढ़ाने के लिए गोविंद ढोलकिया के नाम पर कथित तौर पर फर्जी PAN कार्ड और आधार कार्ड भी तैयार किए गए. संपर्क करने वाले लोगों को आरोपी खुद को गोविंदभाई ढोलकिया बताते थे.
इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, RBI चार्ज और डिलीवरी चार्ज जैसे अलग-अलग मदों के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराए जाते थे. पूछताछ के दौरान मिली डायरी में दर्ज 10 बैंक खातों की जांच में देशभर से नौ NCRP शिकायतें सामने आईं. पुलिस का दावा है कि इन खातों के जरिए फर्जी वीडियो समेत ठगी के मामलों में कुल 9.64 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है. गुजरात के कुछ नागरिकों के भी ठगी का शिकार होने की जानकारी जांच में मिली है.
पूछताछ में सेक्सटॉर्शन का मामला भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनजान लोगों को वीडियो कॉल कर उसकी रिकॉर्डिंग करते और बाद में ब्लैकमेल कर पैसे वसूलते थे. इस तरह के कथित सेक्सटॉर्शन मामले में राजकोट का एक व्यक्ति भी पीड़ित बताया गया है. सुरत पुलिस ने इस संबंध में राजकोट पुलिस को जानकारी दी है.
गोविंद ढोलकिया को सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो प्रसारित होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सूरत साइबर क्राइम सेल से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर की जानकारी के आधार पर नूंह जिले के ढाढ़ोला गांव में कार्रवाई की. गिरफ्तारी के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं के विरोध के बावजूद, स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को सूरत लाया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.
