गांधीनगर: गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) ने भाई दूज के दिन डिजिटल टिकटिंग में अपना अब तक का सबसे बड़ा एकदिवसीय रिकॉर्ड दर्ज किया. 11 नवंबर को निगम की ऑनलाइन सेवाओं के जरिए राज्यभर में 1,46,875 सीटें आरक्षित की गईं.
इनमें से 99,402 सीटों की बुकिंग GSRTC के मोबाइल ऐप से हुई. डिजिटल टिकटिंग के जरिए निगम को एक दिन में ₹3.55 करोड़ का राजस्व मिला, जिसमें मोबाइल ऐप की हिस्सेदारी ₹2.27 करोड़ रही. इस दिन GSRTC का कुल राजस्व ₹13 करोड़ से अधिक रहा.
GSRTC के अनुसार, डिजिटल बुकिंग के मामले में वह देश के राज्य परिवहन उपक्रमों में लगातार सातवें साल शीर्ष स्थान पर रहा है. निगम ने कहा कि ऑनलाइन आरक्षण प्रणाली के बढ़ते इस्तेमाल से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी सेवा मिल रही है.
पिछले वर्षों में डिजिटल बुकिंग का रुझान
निगम के आंकड़ों के मुताबिक, 2019 में 74,368 डिजिटल बुकिंग दर्ज की गई थीं. यह संख्या 2022 में बढ़कर 1,14,880 सीटों पर पहुंची और उस साल डिजिटल टिकटिंग से ₹2.10 करोड़ का राजस्व मिला. 2023 में 1,32,177 सीटें बुक हुईं और राजस्व ₹2.97 करोड़ रहा.
2024 में डिजिटल बुकिंग 1,41,468 सीटों तक पहुंची और राजस्व ₹3.15 करोड़ दर्ज किया गया. 2025 में 1,33,043 सीटें बुक हुईं, जबकि डिजिटल टिकटिंग से ₹3.19 करोड़ की आय हुई. इस साल के आंकड़ों ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए.
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने इस उपलब्धि पर GSRTC के कर्मचारियों, ड्राइवरों, कंडक्टरों और मैकेनिकों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कई कर्मचारियों ने अपने परिवारों से दूर रहकर यात्रियों को सुरक्षित और समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने में योगदान दिया.
