गुजरात सरकार ने दीवाली के मौके पर राज्य की विभिन्न जेलों में बंद 143 पात्र कैदियों को 15 दिन की पैरोल देने की मंजूरी दी है. पैरोल की अवधि 6 नवंबर 2026 यानी धनतेरस से शुरू होगी. इस दौरान कैदी अपने परिवार के साथ दीवाली मना सकेंगे.
इस साल पैरोल पाने वालों में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 103 पुरुष कैदी और 40 महिला कैदी शामिल हैं. गुजरात सरकार वर्ष 2003 से पात्र महिला कैदियों और बुजुर्ग पुरुष कैदियों को दीवाली पर 15 दिन की पैरोल देती आ रही है.
गंभीर अपराधों के दोषी कैदी बाहर
जेल विभाग के अनुसार, नियमों के तहत गंभीर अपराधों में दोषी कैदियों को यह राहत नहीं दी जाती. हाई कोर्ट में अपील लंबित होने वाले कैदी, एनआरआई और दूसरे राज्यों के कैदी भी इस सुविधा से बाहर हैं.
इसके अलावा NDPS Act, TADA और POTA के तहत सजा काट रहे कैदी, आतंकवादी गतिविधियों या राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से जुड़े लोग, एक से अधिक अपराधों में दोषी ठहराए गए कैदी और बलात्कार, अपहरण, लूट, डकैती, चोरी या जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों के दोषी कैदी पात्र नहीं होंगे. निवारक निरोध आदेश के तहत रखे गए कैदियों को भी पैरोल नहीं मिलेगी.
