गुजरात सरकार ने दिवाली के अवसर पर 143 पात्र कैदियों को 15 दिन की पैरोल देने की मंजूरी दी है. इन कैदियों को 6 नवंबर, धनतेरस के दिन रिहा किया जाएगा, ताकि वे त्योहार अपने परिवार के साथ मना सकें. पैरोल की अवधि 15 दिन होगी.

इस साल पैरोल पाने वालों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के 103 पुरुष कैदी और 40 महिला कैदी शामिल हैं. राज्य में पात्र कैदियों को दिवाली पर अस्थायी रिहाई देने की नीति वर्ष 2003 में शुरू की गई थी. इसे जेल सुधार और कैदी कल्याण से जुड़ी पहल के तौर पर लागू किया जाता है.

किन कैदियों को नहीं मिलेगी पैरोल

जेल विभाग के पुलिस महानिदेशक डॉ. के. एल. एन. राव के अनुसार, जिन कैदियों की अपील हाई कोर्ट में लंबित है, एनआरआई कैदी और दूसरे राज्यों से संबंधित कैदी इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे.

नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS), प्रिवेंशन ऑफ टेररिज्म एक्ट (POTA) और टेररिस्ट एंड डिसरप्टिव एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट (TADA) के तहत सजा काट रहे कैदियों को भी योजना से बाहर रखा गया है. आतंकवादी गतिविधियों या राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल कैदियों को पैरोल नहीं दी जाएगी.

एक से अधिक आपराधिक मामलों में दोषी कैदी और बलात्कार, अपहरण, लूट, डकैती, चोरी तथा जबरन वसूली जैसे गंभीर या असामाजिक अपराधों में शामिल कैदी भी अयोग्य होंगे. जिन कैदियों के खिलाफ निवारक आदेश जारी हैं, उन्हें भी इस वार्षिक दिवाली पैरोल का लाभ नहीं मिलेगा.