गुजरात में राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष की लगभग 7.75 लाख लड़कियों को मानव पैपिलोमावायरस (HPV) का टीका लगाया गया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राज्य ने अपने चिन्हित लक्षित समूह का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल किया है.

हालांकि, कुल संख्या के आधार पर गुजरात देश में सबसे आगे नहीं है. इस मामले में उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से अधिक टीकाकरण के साथ पहले स्थान पर है, जबकि बिहार में 13.70 लाख से अधिक लड़कियों को वैक्सीन दी गई है. गुजरात तीसरे स्थान पर है.

राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान फरवरी 2026 में शुरू हुआ था. इसके तहत 14 वर्ष की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर माता-पिता की सहमति से मुफ्त, स्वैच्छिक और एकल-डोज टीका दिया जा रहा है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के 21 नवंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में एक करोड़ से अधिक HPV वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं और वार्षिक लक्षित समूह की लगभग 87 प्रतिशत कवरेज हो चुकी है. गुजरात के अलावा उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने भी अपने चिन्हित लक्ष्यों का 100 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया है. HPV संक्रमण से बचाव को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है.