गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 88 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे. ‘आशीर्वाद नो दिवडो’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को राज्यभर में 18,500 से अधिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन होगा. यह आयोजन महीनेभर चलने वाले ‘सेवा और संकल्प अभियान’ का हिस्सा है.
कार्यक्रमों की शुरुआत शाम छह बजे भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी. शाम सात बजे दीये जलाए जाएंगे और इसी समय कई मंदिरों में आरती भी होगी. आयोजन मंदिरों के अलावा झीलों, रिवरफ्रंट, सार्वजनिक चौक, उद्यान, टाउन हॉल, यातायात सर्किल, डेयरी परिसरों और कृषि उपज मंडियों में भी होंगे.
अहमदाबाद के कांकरिया लेकफ्रंट पर मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के शामिल होने की योजना है. यहां 1.25 लाख दीये जलाए जाएंगे, जबकि अटल ब्रिज पर 76,000 दीयों की व्यवस्था होगी. अहमदाबाद के 48 नगर निगम वार्डों में कुल 4.8 लाख दीये जलाने की योजना है.
अभियान के तहत रक्तदान और निशुल्क चिकित्सा शिविरों के साथ आयुष्मान भारत, खाद्यान्न वितरण और किसान कल्याण योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा.
