गुजरात में शुक्रवार को दो अहम घटनाएं सामने आईं. अमरेली जिले के वडिया क्षेत्र के अरजणसुख गांव के पास एक सिहंणी ने पांच लोगों पर हमला कर दिया. इनमें सड़क से गुजर रहे दो युवक, दो अन्य स्थानीय लोग और रेस्क्यू अभियान में शामिल वन विभाग के बीट गार्ड अनिरुद्ध वाला शामिल हैं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

वन विभाग ने डॉक्टरों और ट्रैकर्स की मदद से कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया. बाद में सिहंणी को ट्रैंक्विलाइज कर पिंजरे में कैद कर लिया गया. विभाग अब उसके स्वास्थ्य की जांच करेगा, ताकि हमलों की वजह का पता लगाया जा सके.

दूसरी घटना भावनगर के जहरीली शराब मामले से जुड़ी है. पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड लाडू उर्फ गणेश खारोल को राजस्थान के भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों के अनुसार, उस पर शराब की बोतल, स्टिकर और पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला सामान उपलब्ध कराने का आरोप है. अदालत ने उसे 8 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है. इस गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 42 बताई गई है.