गुजरात ATS ने फर्जी दस्तावेजों और गलत जानकारी के आधार पर दूसरा भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में हरिकेश प्रणव पटेल को गिरफ्तार किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पटेल गुजरात महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष गीताबेन पटेल के बेटे हैं.
ATS के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर अपना मूल पासपोर्ट अदालत में जमा होने की जानकारी छिपाई और दूसरे पासपोर्ट का इस्तेमाल कर विदेश यात्रा की. जांच एजेंसी के अनुसार, इस पासपोर्ट के जरिए बैंकॉक, सिंगापुर और दुबई की यात्रा की गई, जबकि भारत लौटने के लिए भूटान और नेपाल के रास्तों का इस्तेमाल किया गया.
मामले में ATS थाने में 13 सितंबर 2026 को FIR दर्ज की गई. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 336(2), 337, 338, 339 और 340 के साथ पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ATS ने आरोपी के पूर्व आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया है. इनमें 2022 में नारणपुरा थाने और 2023 में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच में दर्ज मामले शामिल हैं. आरोपों की जांच जारी है और अदालत में दोष सिद्ध होना बाकी है.
