गांधीनगर: गुजरात में गुजराती हिंदू कैलेंडर के नए वर्ष विक्रम संवत 2083 की शुरुआत बेस्टु वर्ष के साथ हुई. इसे गुजरातियों का सबसे प्रमुख त्योहार माना जाता है. इस अवसर पर लोग एक-दूसरे को ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘साल मुबारक’ और ‘नूतन वर्ष अभिनंदन’ कहकर शुभकामनाएं देते हैं.

गुजराती नववर्ष आम तौर पर दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है. इस वर्ष यह दिवाली के दूसरे दिन पड़ा. नववर्ष के मौके पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है. लोग सुबह मंदिरों में दर्शन करने के बाद रिश्तेदारों और मित्रों से मिलने जाते हैं.

बेस्टु वर्ष के स्वागत के लिए घरों की साफ-सफाई की जाती है. प्रवेश द्वार पर रंगोली बनाई जाती है और अशोक के पत्तों से बने तोरण तथा गेंदे के फूलों से सजावट की जाती है. लोग नए कपड़े पहनते हैं और मेहमानों को दिवाली के खास पकवान व मिठाइयां परोसते हैं.

गुजराती परंपरा में मठिया, घूघरा, चिवड़ा और सुवाली जैसे व्यंजन इस त्योहार का हिस्सा हैं. परिवार और समुदाय के लोग साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं.

गुजरात में दिवाली का उत्सव केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहता. यहां त्योहार धनतेरस से शुरू होकर भाई बीज तक चलता है और कई जगह पांच दिन या उससे अधिक समय तक उत्सव का माहौल रहता है. इस दौरान बाजार सामान्यतः बंद रहते हैं. कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए लाभ पंचम को शुभ माना जाता है.

बेस्टु वर्ष के दिन गुजरात से जुड़े लोग देश-विदेश के पर्यटन स्थलों पर भी नजर आते हैं. नववर्ष के साथ व्यापारी समुदाय के लिए नए कारोबारी वर्ष की शुरुआत का भी विशेष महत्व रहता है.