गुजरात भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करने की घोषणा की है. पार्टी के अनुसार, यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसकी जानकारी गांधीनगर के कोबा स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘श्री कमलम’ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे. भाजपा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री की जनसेवा यात्रा को लोगों तक पहुंचाना और सेवा भावना को जनभागीदारी से जोड़ना है.
17 सितंबर को सेवा दिवस से शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी. पार्टी के मुताबिक, इस दिन राज्यभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. शाम 7 बजे प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें परिवारों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के दीप प्रज्वलित करने की योजना है.
स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. ‘नमो सेवा गाथा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 25 से 30 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री की सार्वजनिक यात्रा को गांवों तक पहुंचाने की योजना है.
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रस्ताव है. इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने की बात भी कही गई है.
7 अक्टूबर को वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होंगे. इस अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प कार्यक्रम प्रस्तावित है.
पार्टी के अनुसार, वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर के लिए 10-10 दलों के जरिए सेवा यात्रा निकाली जाएगी. इसका उद्देश्य वडनगर के हाटकेश्वर महादेव और वाराणसी के काशी विश्वनाथ महादेव का जलाभिषेक करना बताया गया है.
योजनाओं और नवाचार पर भी कार्यक्रम
‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाने की योजना है. इनमें नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था का दावा किया गया है.
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा विषयों पर गतिविधियां होंगी. सार्वजनिक स्थलों पर ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में सामूहिक रंगोली के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ का संदेश देने की योजना है.
युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप, पेशेवरों और कॉरपोरेट नवाचारकर्ताओं के लिए पांच क्षेत्रीय ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किए जाएंगे. भाजपा के मुताबिक, इनके लिए शैक्षणिक संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क और इनक्यूबेशन केंद्रों के सहयोग से ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाएंगे.
2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान भी प्रस्तावित है. पार्टी ने कहा कि एक महीने के दौरान सेवा, जनजागरूकता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
