गुजरात भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा आयोजित की है. अभियान के तहत सोमनाथ, उनाई माता मंदिर, शामलाजी और पावागढ़ से 13 सितंबर को चार यात्राएं शुरू की गईं. इनमें 250 बाइक पर कुल 500 भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं.
चारों यात्राएं अलग-अलग ग्रामीण और शहरी इलाकों से गुजरते हुए 16 सितंबर को वडनगर पहुंचेंगी. रास्ते में स्वागत कार्यक्रम, ग्रामसभाएं और नागरिकों से संवाद रखा गया है. पार्टी के पदाधिकारी, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य नेता भी अलग-अलग चरणों में यात्रा से जुड़ेंगे. भाजपा का कहना है कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्य और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
चारों यात्राओं के प्रमुख मार्ग
सोमनाथ से निकली यात्रा केशोद, जूनागढ़, गोंडल, जासदण, सारंगपुर, धंधुका, धोलका और पीराणा होते हुए वडनगर पहुंचेगी. उनाई माता मंदिर से शुरू हुआ जत्था व्यारा, सोनगढ़, राजपीपला, केवड़िया, वडताल, अडालज, मानसा और विजयनगर के रास्ते आएगा.
शामलाजी की यात्रा भीलोडा, ईडर, अंबाजी, पालनपुर, डीसा, थराद, राधनपुर, पाटण, सिद्धपुर और विसनगर से होकर वडनगर पहुंचेगी. पावागढ़ से निकली यात्रा गोधरा, डाकोर, आणंद, नडियाद, कपडवंज, मोडासा, हिम्मतनगर और विजापुर होते हुए विसनगर जाएगी. इस जत्थे के 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे वडनगर पहुंचने की जानकारी दी गई है.
वडनगर में चारों पवित्र स्थलों से लाए गए जल से हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा. कुछ जल शर्मिष्ठा तालाब में अर्पित किया जाएगा. इसके बाद तालाब का जल लेकर 250 बाइक और 500 कार्यकर्ता वाराणसी रवाना होंगे, जहां काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा.
