गुजरात के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने गांधीनगर नगर निगम समेत थारा और ओखा नगरपालिकाओं में सत्ता बरकरार रखी है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मंगलवार को घोषित परिणामों में भाजपा ने गांधीनगर की 44 में से 38 सीटें जीतीं. कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा. आम आदमी पार्टी इस बार अपना खाता नहीं खोल सकी.

गांधीनगर नगर निगम के चुनाव 11 वार्डों की सभी 44 सीटों पर हुए थे और 130 उम्मीदवार मैदान में थे. निगम क्षेत्र में मतदान प्रतिशत 59.25 रहा. वर्ष 2021 के चुनाव में भाजपा ने 41 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी.

बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में भाजपा ने 24 में से 19 सीटें जीतीं और कांग्रेस को पांच सीट मिलीं. देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में मतदान वाली 32 सीटों में भाजपा ने 29 और कांग्रेस ने तीन सीटें जीतीं. ओखा की चार सीटें भाजपा उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने के कारण पहले ही उसके खाते में थीं. इन्हें जोड़कर भाजपा ने 36 सदस्यीय नगरपालिका में कुल 33 सीटें हासिल कीं.

गांधीनगर, थारा और ओखा में मतदान रविवार को हुआ था और तीनों निकायों के लिए मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई.