गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने गांधीनगर नगर निगम समेत तीन शहरी निकायों में सत्ता बरकरार रखी. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मंगलवार को घोषित नतीजों में भाजपा ने गांधीनगर नगर निगम की 44 में से 38 सीटों पर जीत दर्ज की. कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई. आम आदमी पार्टी इस बार अपना खाता नहीं खोल सकी.

थारा और ओखा में भी भाजपा को बहुमत

बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका की 24 सीटों में भाजपा ने 19 और कांग्रेस ने पांच सीटें जीतीं. देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में मतदान वाली 32 सीटों में भाजपा को 29 और कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं. चार सीटों पर भाजपा उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे, जिससे ओखा में भाजपा की कुल सीट संख्या 36 में से 33 हो गई.

गांधीनगर में मतदान 11 वार्डों की 44 सीटों पर हुआ था. यहां 59.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. 2021 के चुनाव में भाजपा ने 41 सीटें जीती थीं, यानी इस बार उसकी संख्या तीन सीट घट गई.