गुजरात सरकार ने सरदार पटेल गुड गवर्नेंस सीएम फेलोशिप कार्यक्रम का विस्तार किया है. इसके तहत फेलो की संख्या 41 से बढ़ाकर 47 और परियोजनाओं की संख्या 20 से बढ़ाकर 45 कर दी गई है. कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और सार्वजनिक सेवाओं की निगरानी में सुधार करना है.

सामान्य प्रशासन विभाग के नए प्रस्ताव के अनुसार, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अहमदाबाद कार्यक्रम का नॉलेज पार्टनर होगा. संस्थान का एक वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य भी कार्यक्रम में भूमिका निभाएगा. फेलो को राज्य प्रशासन के साथ एक से दो वर्ष तक काम करने का अवसर मिलेगा.

इन क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

विस्तारित कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, सामाजिक विकास, शहरी प्रशासन, पर्यावरण और लोक प्रशासन को शामिल किया गया है. परियोजनाओं में आंगनवाड़ी सेवाओं, एनीमिया में कमी, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा और पुस्तकालयों से जुड़े अध्ययन शामिल हैं.

फेलो गुजरात में केंद्रीयकृत रसोई सुविधाओं के विस्तार और पीएम पोषण तथा एकीकृत बाल विकास सेवा योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा करेंगे. स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकारी अस्पतालों में PMJAY-MA दावों और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग से जुड़ी चुनौतियों का अध्ययन होगा.

कृषि परियोजनाओं में प्राकृतिक खेती अपनाने और किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में आ रही बाधाओं की जांच की जाएगी. राजकोट में नागरिक सेवाओं और शिकायतों के विश्लेषण, जबकि भावनगर में ठोस एवं गीले कचरे के पुनर्चक्रण से जुड़े विषयों पर काम होगा. जरूरत पड़ने पर AI टूल्स का उपयोग किया जा सकेगा, लेकिन उनसे तैयार जानकारी का मूल दस्तावेजों और डेटा से सत्यापन अनिवार्य रहेगा.