गुजरात में मलेरिया, डेंग्यू और चिकनगुनिया की स्थिति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें सभी जिलों और महानगरपालिका क्षेत्रों में वेक्टर जनित रोगों की निगरानी, जांच और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की गई.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 2026 में पिछले साल की तुलना में मलेरिया के मामलों में 22% और डेंग्यू के मामलों में 39.6% कमी दर्ज की गई है. राज्य की मेडिकल कॉलेजों से जुड़े 42 अस्पतालों के जांच केंद्रों में डेंग्यू के संदिग्ध मरीजों के 1.35 लाख से अधिक सीरम सैंपल की जांच की गई. इनमें 2,099 सैंपल पॉजिटिव पाए गए.
बैठक में घर-घर निगरानी अभियान की प्रगति की भी समीक्षा हुई. मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव राजीव टोपनो को सभी कलेक्टरों, जिला विकास अधिकारियों और नगर निगम आयुक्तों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है.
राज्य के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बुखार व डेंग्यू की जांच-उपचार सुविधा, दवाओं और जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. कमी मिलने पर तत्काल व्यवस्था करने को कहा गया है. मंत्री ने लोगों से घर के आसपास पानी जमा न होने देने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की.
