गुजरात में पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की बिक्री से कारीगरों को करीब ₹5 करोड़ का कारोबार हुआ. राज्य समर्थित सात दिवसीय ‘माटी मूर्ति मेला-2026’ में 361 पंजीकृत कारीगरों ने 23,542 प्रतिमाएं बेचीं. यह मेला 8 से 14 सितंबर के बीच अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत के पांच स्थानों पर आयोजित किया गया था.

गुजरात माटीकाम कारीगरी एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी संस्थान के अनुसार, सरकार ने कारीगरों को 186 टन तैयार मिट्टी उपलब्ध कराई और बिक्री के लिए स्टॉल 100 प्रतिशत सब्सिडी पर दिए. अहमदाबाद के वस्त्रापुर स्थित अहमदाबाद हाट में सबसे अधिक ₹1.91 करोड़ से ज्यादा की बिक्री हुई. सूरत के अडाजण में सबसे ज्यादा 7,920 प्रतिमाएं बिकीं और यहां कारोबार ₹1.11 करोड़ से अधिक रहा.

वडोदरा के पारसी अगियारी मैदान में ₹85.77 लाख और साबरमती रिवरफ्रंट पर ₹77.99 लाख की बिक्री दर्ज की गई.

यह पहल प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के विकल्प को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही है. राज्य की योजना के तहत पंजीकृत कारीगरों को रियायती दर पर मिट्टी, मुफ्त स्टॉल और मेले के दौरान दैनिक सहायता भी दी जाती है.