पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक स्तर पर उर्वरक आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बीच गुजरात सरकार ने कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए ‘बायो प्लान’ तैयार किया है. योजना के तहत अगले पांच वर्षों में राज्य में जैविक खाद और जैविक कीटनाशकों का उत्पादन बढ़ाने के लिए लगभग ₹50 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव है.

इस पहल के लिए गुजरात स्टेट बायोटेक्नोलॉजी मिशन (GSBTM) और आणंद कृषि विश्वविद्यालय (AAU) के बीच 9 अक्टूबर को भावनगर में समझौता होने की बात कही गई है. कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया और कृषि मंत्री जीतू वाघाणी की मौजूदगी प्रस्तावित है.

अनुसंधान से खेत तक पूरी व्यवस्था

योजना में अनुसंधान, उत्पादन, खेतों में परीक्षण और किसानों तक उत्पाद पहुंचाने की एकीकृत व्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें कृषि विश्वविद्यालयों, जैव-प्रौद्योगिकी संस्थानों, स्टार्टअप, MSME, सहकारी संस्थाओं और किसानों को जोड़ा जाएगा. जैविक खाद, जैविक कीटनाशक, बायोस्टिमुलेंट और सूक्ष्मजीव-आधारित मिश्रणों का परीक्षण गुजरात के अलग-अलग कृषि-जलवायु क्षेत्रों में किया जाएगा.

आणंद कृषि विश्वविद्यालय में केंद्रीय बायो-स्ट्रेन रिपॉजिटरी और पायलट स्तर की उत्पादन सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव है. इसके लिए 528.96 वर्गमीटर क्षेत्र में बायो-रिपॉजिटरी और 1,054 वर्गमीटर में पायलट सुविधा बनाने की योजना है. पांच वर्षों में 5,000 से अधिक स्थानीय सूक्ष्मजीव स्ट्रेन संरक्षित करने, 500 से ज्यादा स्ट्रेन का जीनोमिक सीक्वेंसिंग करने और डिजिटल गुजरात बायो-स्ट्रेन डेटाबेस तैयार करने का लक्ष्य है. 10 से अधिक नई बायो-फॉर्मुलेशन विकसित करने की भी योजना है.

स्टार्टअप और सहकारी क्षेत्र को सहायता

स्टार्टअप, छोटे उद्योगों, सहकारी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों और किसान उत्पादक संगठनों के लिए पायलट उत्पादन क्षमता विकसित करने के वास्ते ₹13 करोड़ की सहायता का प्रस्ताव है. अमूल, बनास, सुमुल और KRIBHCO जैसी सहकारी संस्थाओं के सहयोग से बड़े पैमाने पर उत्पादन सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इनमें स्वचालित फर्मेंटेशन, फॉर्मुलेशन और पैकेजिंग की व्यवस्था शामिल होगी.

विश्वविद्यालय के अनुसार, 2024-25 तक वहां लगभग 42 लाख लीटर जैविक खाद का उत्पादन और बिक्री की जा चुकी है. संस्थान के पास जैविक खाद, जैविक कीटनाशक और जैविक अपघटक विकसित करने के लिए 1,000 से अधिक सूक्ष्मजीव संवर्धन हैं. इनमें से 148 सूक्ष्मजीव स्ट्रेन के DNA सीक्वेंस का डेटा NCBI में जमा कराया गया है.

योजना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यूरिया, DAP, MOP और NPK जैसे पारंपरिक उर्वरकों का महत्व बना रहेगा. जैविक विकल्पों का उद्देश्य कृषि इनपुट के स्रोतों में विविधता लाना और मिट्टी के स्वास्थ्य व पोषक तत्वों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना है.