गुजरात सरकार ने विदेश से MBBS की पढ़ाई पूरी कर राज्य की सरकारी और GMERS मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों के लिए स्टाइपेंड को लेकर फैसला किया है. स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के अनुसार, इन इंटर्न डॉक्टरों को अब अन्य इंटर्न डॉक्टरों के समान हर महीने ₹21,840 का स्टाइपेंड मिलेगा.
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के नियमों के तहत विदेश से MBBS पूरा करने वाले मेडिकल छात्रों को भारत में एक साल की अनिवार्य इंटर्नशिप करनी होती है. इससे पहले इन छात्रों के स्टाइपेंड को लेकर अलग स्थिति थी. राज्य सरकार के नए फैसले के बाद उन्हें सामान्य इंटर्न डॉक्टरों के बराबर आर्थिक लाभ मिलेगा.
करीब 350 छात्र होंगे पात्र
गुजरात मेडिकल काउंसिल के माध्यम से NMC के नियमों के अनुसार राज्य की सरकारी और GMERS मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप पोस्टिंग पाने वाले करीब 350 छात्र इस फैसले के दायरे में आएंगे. इनमें 1 जून 2026 और 1 अक्टूबर 2026 से पोस्टिंग पाने वाले छात्र शामिल हैं.
सरकार के मुताबिक, यह निर्णय विदेश से MBBS की पढ़ाई पूरी कर गुजरात लौटे इन युवा डॉक्टरों को इंटर्नशिप के दौरान आर्थिक सहायता देगा और उन्हें प्रोत्साहित करेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने युवाओं के हित को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है.
