गुजरात सरकार ने देवभूमि द्वारका, कच्छ, जामनगर और पोरबंदर जिलों को सूखा प्रभावित घोषित किया है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को इसकी जानकारी दी.

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में इस मानसून कुल सामान्य बारिश की 89% वर्षा हुई, लेकिन इन चार जिलों में बारिश बहुत कम रही. सूखा घोषित करने का निर्णय मानसून समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार की गाइडलाइन के आधार पर लिया गया है. उन्होंने बताया कि केंद्र की 2016 की सूखा गाइडलाइन के अनुसार यह घोषणा छह महीने तक प्रभावी रहेगी.

राज्य सरकार ने फसल खराब होने वाले किसानों के लिए राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के तहत सहायता का ऐलान किया है. पात्र किसानों को दो हेक्टेयर तक की भूमि के लिए प्रति हेक्टेयर ₹8,500 की सहायता दी जाएगी.

सरकार प्रभावित क्षेत्रों में रियायती दर पर चारा भी उपलब्ध करा रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि चारे की कीमत ₹2 प्रति किलो रखी गई है और राज्य में इसका पर्याप्त भंडार मौजूद है.

पशु आश्रय स्थलों को मवेशियों की देखभाल के लिए प्रति पशु ₹80 दिए जाएंगे. इसके अलावा प्रभावित जिलों में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत 150 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. यह व्यवस्था 1 नवंबर से लागू होगी.