गांधीनगर: गुजरात सरकार ने राज्य में औसतन 89% मानसूनी बारिश दर्ज होने के बावजूद देवभूमि द्वारका, कच्छ, जामनगर और पोरबंदर जिलों को सूखा-प्रभावित घोषित किया है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अनुसार, इन जिलों में बारिश की कमी राज्य के औसत से काफी अधिक रही.

यह घोषणा केंद्र के 2016 के सूखा आकलन दिशा-निर्देशों के तहत की गई है और छह महीने तक प्रभावी रहेगी. सरकार ने प्रभावित किसानों को फसल नुकसान के लिए SDRF के तहत 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर सहायता देने की बात कही है. यह सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर तक लागू होगी.

प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को रियायती दर पर दो रुपये प्रति किलोग्राम चारा दिया जा रहा है. सरकार ने पशु आश्रय स्थलों के लिए प्रति मवेशी 80 रुपये की सहायता और प्रभावित जिलों में एक नवंबर से 150 दिनों के ग्रामीण रोजगार की घोषणा भी की है.

सरकार के मुताबिक, अब तक 1.21 करोड़ किलोग्राम चारा वितरित किया जा चुका है और तीन करोड़ किलोग्राम का अतिरिक्त भंडार उपलब्ध है. राहत कार्यों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी.