गुजरात सरकार ने सरकारी इमारतों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के अभियान का विस्तार करने की योजना बनाई है. राज्य में मार्च 2026 तक 6,014 सरकारी इमारतों पर ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 95 मेगावाट है.
सरकार का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 में 15,000 अतिरिक्त सरकारी इमारतों पर सौर संयंत्र लगाने का है. इससे करीब 65 मेगावाट नई क्षमता जुड़ने की उम्मीद है और सरकारी भवनों से जुड़ी कुल सौर क्षमता 160 मेगावाट से अधिक हो सकती है.
इस विस्तार के लिए 314 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसमें सामान्य सरकारी इमारतों के लिए 278 करोड़ रुपये, जनजातीय विकास विभाग की इमारतों के लिए 33 करोड़ रुपये और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से जुड़ी इमारतों के लिए 3 करोड़ रुपये शामिल हैं.
यह योजना गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी (GEDA) के माध्यम से संचालित की जा रही है. सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य सरकारी परिसरों में नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने के साथ पारंपरिक बिजली पर होने वाले खर्च और कार्बन उत्सर्जन को कम करना है.
