गांधीनगर: गुजरात सरकार ने हाई कोर्ट के फैसलों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रशासनिक विभागों के लिए नई Standard Operating Procedure (SOP) लागू की है. इसके तहत विभागों को फैसला मिलने के बाद तय प्रक्रिया और समयसीमा के भीतर यह तय करना होगा कि आदेश को लागू करना है, उसके खिलाफ अपील दायर करनी है या अनुपालन के लिए अतिरिक्त समय मांगना है.
सरकार की नई व्यवस्था का उद्देश्य न्यायालय के आदेशों के क्रियान्वयन में होने वाली देरी को कम करना और अवमानना की संभावित कार्रवाई से बचना है. यदि विभाग फैसला स्वीकार करता है, तो उसे संबंधित वित्तीय और प्रशासनिक नियमों के अनुसार अमल की प्रक्रिया शुरू करनी होगी.
यदि विभाग फैसले को चुनौती देने का निर्णय लेता है, तो निर्धारित समयसीमा में अपील की कार्रवाई करनी होगी. वहीं, समय पर अनुपालन संभव न होने की स्थिति में अदालत से समयविस्तार मांगना होगा.
यह SOP मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन तथा उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और राज्य विधि मंत्री कौशिक वेकरिया के नेतृत्व में तैयार व्यवस्था के रूप में सामने आई है. सरकार का कहना है कि स्पष्ट जिम्मेदारी और समयसीमा से कर्मचारियों, पेंशनरों तथा अन्य याचिकाकर्ताओं को अदालत के फैसलों का लाभ जल्दी मिल सकेगा.
