गुजरात सरकार ने सरकारी भर्ती और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में सुधार प्रस्ताव जारी किया. इसमें सीधे भर्ती के लिए जरूरी अनुभव, रजिस्ट्रेशन की शर्त और प्रमोशन के मानदंडों को अधिक स्पष्ट किया गया है.

सीधे भर्ती में अनुभव की शर्त बदली

नियम 4(d)(i) और 4(d)(ii) में ‘have about’ शब्दों की जगह ‘have at least’ किया गया है. इससे संबंधित पदों के लिए जरूरी अनुभव की न्यूनतम सीमा स्पष्ट होगी.

नियम 4(d)(ii) में अनुभव के लिए समकक्ष पद की परिभाषा में भी बदलाव किया गया है. पहले पद के स्तर या रैंक को आधार माना जाता था. अब ऐसे पद पर निभाई गई ड्यूटी और जिम्मेदारियों की समकक्षता को महत्व दिया जाएगा.

संशोधन में केंद्रीय या राज्य कानून के तहत पंजीकृत सहकारी समितियों का भी स्पष्ट उल्लेख किया गया है. इन्हें उन संस्थाओं की सूची में शामिल किया गया है, जहां से सीधे भर्ती के लिए मान्य अनुभव प्राप्त किया जा सकता है.

रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र जरूरी

सीधे भर्ती के उम्मीदवारों के लिए संबंधित संस्था या लागू कानून के तहत अंतिम आवेदन तिथि तक रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करना जरूरी होगा. नियुक्ति के समय सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा. प्रमाणपत्र नहीं देने वाले उम्मीदवार को नियुक्ति के लिए पात्र नहीं माना जाएगा. जहां रजिस्ट्रेशन आवश्यक नहीं है, वहां यह शर्त लागू नहीं होगी.

पदोन्नति के मानदंड स्पष्ट

MODEL FORM-1 और MODEL FORM-2 में ‘proved merit and efficiency’ की जगह ‘Good’ बेंचमार्क वाले कर्मचारियों को पदोन्नति के लिए विचार योग्य बताया गया है. MODEL FORM-4 में ‘Very Good’ बेंचमार्क का प्रावधान किया गया है. विभागों को संशोधित मॉडल के आधार पर भर्ती नियमों में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं.